उज्जैन (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की शिप्रा नदी में कार गिरने से लापता हुए दो पुलिसकर्मियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, लापता महिला आरक्षक की तलाश की जा रही है। नदी से जो दो शव बरामद हुए हैं उनकी पहचान उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा और एसआई मदनलाल निमामा के रूप में हुई है। महिला आरक्षण आरती पाल अभी भी लापता है। दरअसल, शनिवार रात को शिप्रा नदी के बड़े पुल से एक कार असंतुलित होकर नीचे पानी में गिर गई थी। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, नगर निगम, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय गोताखोरों की टीम कार और उसमें फंसे लोगों की तलाश में जुट गई। रात करीब नौ बजे से शुरू हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में देर रात तक पुलिस को सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह छह बजे एक बार फिर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। इस दौरान पुलिस को भैरवगढ़ क्षेत्र में नदी में एक शव होने की सूचना मिली। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नदी के बाहर निकाला, जो उन्हेल के थाना प्रभारी अशोक शर्मा का था। इस दौरान पुलिस को पता चला कि जो कार नदी में गिरी थी वह पुलिसकर्मी की ही थी। कार में थाना प्रभारी अशोक शर्मा के साथ सब-इंस्पेक्टर मदनलाल निनामा और महिला आरक्षक आरती पाल भी सवार थे।