नई दिल्ली: भारतीय रेलवे खास स्कीम लाया है। इसके जरिए नवंबर के महीने में कम पैसों में भक्त सात ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर सकेंगे। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के इस पैकेज की शुरुआती कीमत सिर्फ 24,100 रुपए रखी गई है। आईआरसीटीसी का भारत गौरव ट्रेन पैकेज 12 दिन का है। इसकी शुरुआत 18 नवंबर को ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से होगी। इस यात्रा के दौरान भक्ति, आराम का एक अनूठा अनुभव श्रद्धालुओं को मिलेगा। आईआरसीटी के इस पैकेज में श्रद्धालुओं को ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने का मौका मिलेगा। इसके अतिरिक्त पड़ावों में द्वारकाधीश मंदिर और बेट द्वारका शामिल हैं। इस यात्रा की शुरुआत 18 नवंबर को होगी और 29 नवंबर को इसका समापन होगा। यह यात्रा कुल 11 रातें /12 दिन की होगी। हरिद्वार, लखनऊ, कानपुर और अन्य स्टेशनों पर बोर्डिंग विकल्प उपलब्ध हैं।




