भोपाल: राजधानी भोपाल में सड़कों पर हो रहे गड्डों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंतरिक्ष यात्री की ड्रेस पहनकर गड्ढे में बैठकर विरोध किया। इस दौरान उन्होंने कीचड़ में भाजपा का झंडा लगाकर जम कर नारेबाजी की। कांग्रेस ने सड़कों पर यह प्रदर्शन लोगों की समस्या को बताते हुए किया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जल्द ही मध्य प्रदेश सरकार को गड्ढे की सूची दी जाएगी। पिछले 22 साल से हर साल बारिश में गड्ढे की स्थिति बन जाती है। फिर भी बीजेपी की सरकार में अब तक कोई सुध लेने वाला नहीं है।
पूरे शहर में चांद की सतह जैसे गड्डे:
इस दौरान कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने कहा कि भोपाल में 23 साल से भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण पूरे शहर में चांद की सतह जैसे गड्ढे हो गए है। ऐसा कोई गली-मोहल्ला या रोड नहीं जहां गड्डे, जल जमाव और ट्रैफिक जाम की स्थिति ना हो। आम जनता सड़को पर हिचकोले खाते, गिरते पड़ते हुए भाजपा को कोसते हुए रेंग रही है।
करोड़ो रुपये खर्च करने बाद भी शहर की हालत बदतर:
भोपाल के करोंद सब्जी मंडी गेट पर कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने अन्तरिक्ष यात्री बन सड़को पर बने गड्डों में बैठकर गड्ढों का मुआयना किया और सभी गड्डों पर भाजपा के निशान लगाया। शुक्ला ने बताया कि पूरे शहर में चांद की सतह जैसे गड्डे हो गए है जिससे आम जानता की जान पर बन आयी है, कई स्थानों पर दुर्घटनाओं में कई बेगुनाह अपनी जान से हाथ धो चुके हैं। करोड़ो रुपये खर्च करने बाद भी शहर की हालत बद से बदतर होती जा रही है।