जिला सहकारी बैंक का सीईओ निलंबित, जांच में करोडों की वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सही

0

उमरिया (मध्य स्वर्णिम): मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, भोपाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शहडोल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संतोष कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद की गई है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के अधिवक्ता एवं टीएनटी लीगल के सीईओ कुणाल ठाकुर ने संतोष कुमार यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में धान उपार्जन, अवैध वसूली, कर्मचारियों एवं शाखा प्रबंधकों से राशि वसूलने और करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे। मामले की जांच आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं, भोपाल के निर्देश पर दो सदस्यीय जांच दल से कराई गई। जांच के अंतरिम प्रतिवेदन में संतोष कुमार यादव के खिलाफ कई गंभीर आर्थिक अनियमितताएं प्रथम दृष्टया सही पाई गई। जांच रिपोर्ट के अनुसार धान उपार्जन वर्ष 2023-24 में खरीदी व्यय की सीमा से अधिक राशि दर्शाने, फील्ड कर्मचारियों से अपने बैंक खाते में धन ट्रांसफर कराने और नव नियुक्त समिति प्रबंधकों से कथित रूप से खली-चुनी के नाम पर अपने खाते में राशि जमा कराने जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। इन आरोपों को गंभीर दुराचार मानते हुए मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक ने सेवानियमों के तहत संतोष कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।