भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा के आधार पर कई मंत्रियों के विभागों में बदलाव सुगबुगाहट है। इसमें मंगलवार देर रात पशुपालन और डेयरी विकास मंत्रालय का काम लखन पटेल से वापस लेकर इसकी शुरुआत हो गई है। पशुपालन और डेयरी विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल के पास थी लेकिन अब इसे मुख्यमंत्री ने अपने पास रखा है । दरअसल, मंगलवार देर रात सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, लखन पटेल को आनंद विभाग में ट्रांसफर किया गया है। हालांकि, उनके ट्रांसफर का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने मंत्रिपरिषद के सदस्यों से साथ समीक्षा बैठक की थी, और व्यक्तिगत बैठक में कामकाज का आकलन करने के कुछ हफ्ते बाद आया है। सूत्र बताते हैं कि यह निर्णय लखन पटेल के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद लिया गया है, क्योंकि वे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत राज्य में गौशालाएं खोलने में विफल रहे थे। ऐसा अनुमान है कि मंत्रियों के विभागों के कामकाज की समीक्षा की रिपोर्ट बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व को भी भेजी गई थी जिससे आने वाले हफ्तों में व्यापक मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं । लखन पटेल दमोह जिले के पथरिया से दूसरी बार विधायक बने थे । बुंदेलखंड क्षेत्र के ओबीसी नेता पटेल सरकार के गठन के बाद से पशुपालन और डेयरी विकास विभाग का कार्यभार संभाल रहे थे। मंगलवार आदेश के साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विभाग का सीधा नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है और अब दुग्ध उत्पादन, पशुधन कल्याण और ग्रामीण आजीविका से जुड़े एक महत्वपूर्ण क्षेत्र की निगरानी वे खुद कर रहे हैं।




