जमीन का होश नहीं, बातें आसमान की

0

दतिया (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया उपचुनाव में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला किया है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के लिए यह चुनाव राजा और रंक का है। कांग्रेस और उसकी मानसिकता जमीन पर टिकने वाली नहीं होती। उन्हें जमीन का होश नहीं और सारा आसमान खरीदने की बात करते हैं सीएम मोहन यादव ने कहा कि जो नाटक कांग्रेस के बड़े नेता के नाना ने किया, नानी ने किया, माता-पिता ने किया, वही नाटक ये बड़े नेता करते हैं। केवल जनता को बेवकूफ बनाते हैं। कांग्रेस 1956 में पहली बार राज्य की सत्ता में आई। तब से लेकर साल 2002-03 तक प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपये साल थी। बीजेपी के शासनकाल में दतिया कहां से कहां पहुंच गया। यहां हुआ विकास भाजपा की ही देन है। कांग्रेस के शासनकाल में पहले डाकू और फिर नक्सली खून की नदियां बहाते थे । इस पर भी कांग्रेस के लोगों को शर्म नहीं आती थी। कांग्रेस केवल वोट बैंक की राजनीति करती है, उसे जनता से कोई मतलब नहीं उन्होंने कहा कि बिल्ली के भाग से छीका नहीं टूटता। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बैठे रहें उम्मीद हैं। यहां पार्टी का कोई उम्मीदवार नहीं है, बस हमारी पार्टी है भारतीय जनता पार्टी। उसके लिए चुनाव चिन्ह भगवान बराबर हैं। चुनाव के वक्त हमारा हर कार्यकर्ता प्रत्याशी होता है। उन्होंने कहा कि दतियावासी 100 करोड़ रुपये का भी काम बताएंगे तो वो भी हम करने के लिए तैयार हैं। हमारे पास काम की कमी होने वाली नहीं है। मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश-प्रदेश आगे बढ़ रहा है। गुना- शिवपुरी में करोड़ों रुपये के प्रोजेक्ट का भूमि-पूजन हुआ है। आज प्रदेश को 40 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। महाकाल लोक बनने के बाद उज्जैन एक अलग दौर में पहुंच गया। इसके अलावा भी देश के सभी तीर्थ कहां से कहां पहुंच गए। हमारी सरकार ने कहा है कि जहां-जहां भगवान श्री राम और श्री कृष्ण के चरण पड़े, उस हर स्थान को तीर्थ बनाएंगे । इसके साथ ही मोहन यादव ने कहा कि जब एक देश – एक विधान – एक प्रधान-एक राष्ट्रगान – एक निशान है तो अलग-अलग वर्गों के लिए अलग-अलग कानून क्यों होने चाहिए। आज कांग्रेस समान नागरिक संहिता पर चर्चा करने को भी तैयार नहीं है । उनकी राजनीति विकास के बजाय जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने की रही है। 55 साल में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया।

कांग्रेस ने डमी फॉर्म भरवाए:
दतिया विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए सियासी बिसात पूरी तरह बिछ चुकी है। नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी और राजघराने से जुड़े पूर्व विधायक कुंवर घनश्याम सिंह ने न्यू कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना चुनावी नामांकन पत्र जमा कर दिया। इस दौरान कांग्रेस ने न सिर्फ अपनी एकजुटता दिखाई, बल्कि ‘मीनाक्षी नटराजन मामले’ से बड़ा सबक लेते हुए बेहद सतर्कता बरती। पार्टी ने मुख्य प्रत्याशी के साथ-साथ दो डमी उम्मीदवारों के भी फॉर्म दाखिल करवाए हैं, ताकि किसी भी तकनीकी गड़बड़ी या सियासी उलटफेर की गुंजाइश न रहे। राज्यसभा निर्वाचन के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त से सीख लेते हुए कांग्रेस ने दतिया में दो डमी प्रत्याशियों के भी नामांकन जमा कराए हैं। हालांकि पार्टी ने इस मामले में नाम उजागर नहीं किए हैं।