वियतनाम के फुक्वोक द्वीप के पास पर्यटक नाव पलटी, 15 भारतीयों की मौत

0

फुक्वोक (मध्य स्वर्णिम): वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, नाव में 32 भारतीय पर्यटक सवार थे, जिनमें अधिकांश आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के निवासी थे । स्थानीय मीडिया और प्रारंभिक सूचनाओं के मुताबिक हादसे में 15 भारतीयों की मौत की आशंका जताई गई है, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हालांकि भारतीय दूतावास ने कहा है कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है और मृतकों एवं घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि की जा रही है । जानकारी के अनुसार, नाव में चार क्रू मेंबर समेत कुल 36 लोग सवार थे। यह स्पीडबोट फ क्वोक द्वीप के पास स्थित होन मे रुट (Hon May Rut) से पर्यटकों को घुमाकर एन थोई (An Thoi) पोर्ट लौट रही थी। बताया जा रहा है कि तट से करीब 400 मीटर पहले अचानक समुद्र में ऊंची लहरें उठीं, जिसके कारण नाव असंतुलित होकर पलट गई । प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई पर्यटक लाइफ जैकेट नहीं पहने हुए थे और नाव पलटने के बाद कुछ लोग उसके नीचे फंस गए। आसपास मौजूद अन्य नौकाओं ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया।