भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच रविवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई तेज बारिश ने छिंदवाड़ा शहर की व्यवस्थाओं की हकीकत उजागर कर दी। महज एक घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा, कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई और लोगों को घरों से निकलने तक में परेशानी का सामना करना पड़ा। पहली ही तेज बारिश मे नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ाती नजर आई। शहर के लालबाग स्थित सांई मंदिर के आसपास सबसे ज्यादा खराब स्थिति देखने को मिली। यहां सड़क पर कई फीट तक पानी भर गया, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन आधे तक पानी में डूब गए ।
नालों पर अतिक्रमण बना सबसे बड़ी वजह:
स्थानीय लोगों ने जलभराव के लिए नालों पर हुए अतिक्रमण को जिम्मेदार बताया। उनका कहना है कि वर्षों से नालों के ऊपर निर्माण और कब्जे होते रहे, जिससे उनकी चौड़ाई लगातार कम होती गई। नतीजतन बारिश का पानी तेजी से निकल नहीं पाता और कुछ ही देर में सड़कें तालाब बन जाती हैं।




