डॉ. मुखर्जी के विचारों ने राष्ट्रवादी राजनीति की मजबूत नींव रखी

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर स्मरण पक्ष के तहत आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी दूरदृष्टा थे, उनकी दूरदृष्टि के कारण आज का पश्चिम बंगाल भारत में बना रहा। आजादी के बाद पाकिस्तान तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान के लिए गलियारा मांगकर भारत के फिर टुकड़े करने की योजना में था। डॉ. मुखर्जी ने पाकिस्तान में हुई बातचीत में देश के अंदर से तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान के लिए गलियारा देने से मना कर पाकिस्तान को दो टुकड़ों में बंटे रहने के लिए मजबूर किया, यह उनकी दूरदृष्टि का ही परिणाम है। डॉ. मुखर्जी कावन हम सभी के लिए स्मरणीय व प्रेरणादायी है। उनके बलिदान के कारण जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बना है ।

नेहरू द्वारा जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लगाने का दंश देश ने वर्षों तक सहा: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश के आजाद होने के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू ने जम्मू-कश्मीर को विशेष सुविधाएं दीं, वह देश के लिए बहुत घातक सिद्ध हुई हैं। पंडित नेहरू द्वारा जम्मू-कश्मीर में धारा-370 लगाने का दंश देश ने वर्षों तक सहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू- कश्मीर से धारा 370 हटाकर देश के मुकुटमणि पर लगा कलंक मिटाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से आर्थिक संपन्नता की ओर बढ़ रहा है। वर्ष 2014 के बाद देश में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।

डॉ. मुखर्जी के विचारों ने राष्ट्रवादी राजनीति की मजबूत नींव रखी: खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा विचारधारा और कार्यकर्ता आधारित, अनुशासित संगठन है। भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके संस्कार, विचार, कार्यपद्धति और समर्पित कार्यकर्ता हैं। मध्यप्रदेश के सभी 62 जिलों में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से उनके राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। भारतीय जनसंघ की स्थापना के समय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ऐसे राजनीतिक दल की कल्पना की थी, जो केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, संगठन, संस्कार और विचारधारा पर आधारित हो।

डॉ. मुखर्जी की बनाई उद्योग नीति का अवलोकन कर भारत आज विकसित राष्ट्र बन रहा: शिवप्रकाश
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि आजाद भारत में तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व वाली सर्वदलीय सरकार में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग मंत्री बनाए गए थे। भारत आज जिस उद्योग नीति का अवलोकन कर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है, वह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की बनाई उद्योग नीति है। डॉ. मुखर्जी ने छोटे उद्योगों, लघु उद्योगों और बड़े उद्योगों के विकास के लिए एक संस्था की स्थापना की थी, वह संस्था है उद्योग विकास निगम। देश को स्वावलंबी बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्य कर रहे हैं, वह कार्य डॉ. मुखर्जी ने ही शुरू किया था।