शिवपुरी बनेगा भारत का नया डिफेंस हब

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारा मध्यप्रदेश तेज़ी से निवेश, उद्योग और रोजगार का विश्वसनीय केंद्र बन रहा है। मध्यप्रदेश आज सिर्फ एक विशाल औद्योगिक परियोजना का साक्षी नहीं, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के नए युग का उद्घोष कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब भारत अपनी सुरक्षा के लिए किसी अन्य देश पर निर्भर नहीं है, बल्कि स्वदेश में निर्मित आधुनिक रक्षा उपकरणों के बल पर दुनिया के सामने अपनी सामर्थ्य का परिचय दे रहा है । मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का डिफेंस सिस्टम बेहद मजबूत हो गया है। हमारी आंतरिक और बाहरी सुरक्षा और मजबूत हो गई है। प्रधानमंत्री की विजनरी लीडरशीप में रक्षा उत्पादों का आयात करने वाला हमारा देश अब बीते कुछ ही सालों में रक्षा उत्पादों का निर्यातक बन गया है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने में अब निजी क्षेत्र की भूमिका भी लगातार मजबूत हो रही है। भारत अब रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर हो गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार ने ग्वालियर-चंबल को संबल दिया है। आज ग्वालियर-चंबल रीजन रक्षा क्षेत्र, एविएशन, लॉजिस्टिक और आधुनिक उद्योगों में निवेश का हब बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को शिवपुरी शहर के पोलोग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे । मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ शिवपुरी जिले के पाली में लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ग्रुप के के अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का पूजा-अर्चना कर विधिवत् शिलान्यास किया ।

देश के रक्षा उत्पादन नक्शे पर अब शिवपुरी का नाम भी : केंद्रीय मंत्री सिंधिया
केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया ने कहा कि यह भारत का दौर है। आज हमारा भारत आंख झुकाकर नहीं, आंख मिलाकर बात करता है। भारत की पहचान अब एक प्रगतिकारक, आत्मनिर्भर और रक्षा उत्पाद निर्माता भारत के रूप में हो रही है। मेक इन इंडिया, आत्मर्भिर भारत और डिफेंस कॉरिडोर जैसी दूरदर्शी नीतियों के परिणामस्वरूप भारत डिफेंस क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की सीमाओं को मजबूती देने के लिए मिशन सुदर्शन चक्र और आकाश एयर डिफेंस सिस्टम तैयार किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिवपुरी की धरती पर आज अदाणी डिफेंस यूनिट का भूमिपूजन हो गया है। अब यहां विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में भोपाल में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अदाणी ग्रुप के ऑनर गौतम अदाणी ने मध्यप्रदेश में विभिन्न सेक्टर्स में कुल 1.10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करने की घोषणा की थी। शिवुपरी में डिफेंस यूनिट की स्थापना अदाणी की उसी घोषणा के परिपालन में धरातल में किया गया एक प्रयास है।