राम मंदिर चढ़ावा चोरी: ट्रस्ट से चंपत राय और अनिल मिश्रा की विदाई तय

0

लखनऊ (मध्य स्वर्णिम): राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण सामने आने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की पहली बैठक सोमवार को होगी। बैठक का सबसे अहम एजेंडा ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला होगा । सूत्रों के मुताबिक, दोनों के इस्तीफे स्वीकार किए जाने की संभावना है। 26 जून को दोनों ने इस्तीफा दिया था, जिसकी पुष्टि 27 जून को ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने की थी। छह जून को मामला उजागर होने के बाद ट्रस्ट की मांग पर 13 जून को एसआईटी का गठन किया गया था । 25 जून को एफआईआर दर्ज होने के बाद आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया । चढ़ावे की गणना और मंदिर प्रबंधन की जिम्मेदारी चंपत राय और अनिल मिश्रा के पास होने के कारण दोनों शुरू से ही सवालों के घेरे में रहे ।

दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा:
राम मंदिर के दान (चढ़ावा) की गणना के दौरान सामने आए चोरी प्रकरण पर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि ने रविवार को रामभक्तों के नाम विस्तृत अपील जारी की। उन्होंने कहा कि चोरी कितनी हुई, कब हुई और कैसे हुई, यह पूरी तरह जांच का विषय है। इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए तथा सभी को एसआईटी, पुलिस और न्यायालय पर विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने घटना को अविश्वसनीय, जघन्य महापाप और रामभक्तों के हृदय को विदीर्ण करने वाला बताते हुए कहा कि इस घटना से वे स्वयं अत्यंत आहत, दुखी और लज्जित हैं।