एलपीजी पर अस्थायी पाबंदियां खत्म

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): देशभर के व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पर लागू सभी अस्थायी पाबंदियों को खत्म करने का निर्णय लिया है। पिछले कुछ समय से अमेरिका-ईरान युद्ध की वजह से जो वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हुई थी उस कारण सरकार ने व्यावसायिक उपयोग वाले एलपीजी गैस पर कुछ पाबंदियां लगाई थीं। अब स्थिति में सुधार आने के बाद सरकार ने आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य करने का फैसला किया है। सरकार के इस फैसले से होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग सेवाओं, छोटे उद्योगों और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को पहले की तरह नियमित गैस उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उनके संचालन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक अब एलपीजी की उपलब्धता पहले की तुलना में अधिक स्थिर हो गई है । इसी कारण कमर्शियल और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए गैस वितरण को पूरी क्षमता के साथ दोबारा शुरू किया जा रहा है। इससे बाजार में आपूर्ति संबंधी जो अनिश्चितता है वह कम होगी और व्यवसायों को अपनी आवश्यकताओं के अनुसार ईंधन प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। इन सबके अलावा भारत सरकार ने साफ तौर पर यह स्पष्ट किया है कि पाइप्ड नेचुरल गैस को बढ़ावा देने की नीति में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया जाएगा ।