नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नीट – यूजी और कई अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक मामले को लेकर छात्र सम्मेलन करेंगे । इसकी शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी। इसके बाद प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी वह इस तरह के सम्मेलनों के जरिए राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि इन छात्र सम्मेलनों के जरिए नीट के विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क खत्म करने, पेपर लीक रैकेट में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। कांग्रेस ने 8 जून को अपने महासचिवों, प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक में फैसला किया था कि नीट मामले, चुनावों से पहले सीट चोरी किए जाने, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा। वेणुगोपाल ने शनिवार को इस संबंध में जानकारी दी है । उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे के मार्गदर्शन और राहुल गांधी के सशक्त नेतृत्व में कांग्रेस ने खास अभियान छेड़ने की तैयारी की है। उन्होंने पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी, बेरोजगारी और मोदी सरकार की ओर से भारत के युवाओं के साथ किए जा रहे सुनियोजित विश्वासघात के खिलाफ एक राष्ट्रव्यापी अभियान के पहले फेज का ऐलान भी किया है।
मानसून छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर पहुंचा:
मानसून की झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में एंट्री हो गई। फिलहाल यह छत्तीसगढ़ की बॉर्डर पर है। अगले 3 दिन में इसके मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पहुंचने की संभावना है। 4 जून को केरलम में दस्तक देने के बाद मानसून 9 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच चुका है। फिलहाल, देश के कई राज्यों में प्री मानसून एक्टिव है। राजस्थान समेत 9 राज्यों में तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश में शनिवार शाम भोपाल समेत 4 जिलों में तेज बारिश हुई। कई जगहों पर बिजली के तार, पेड़ टूट कर गिरे। यूपी में आंधी-बारिश के दौरान हुए हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं, झारखंड में बिजली गिरने से 3 महिलाओं समेत 7 की मौत हो गई।




