जी-7 समिट में मिलेंगे पीएम मोदी और ट्रंप

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): भारत और अमेरिका के उतार-चढ़ाव भरे रणनीतिक संबंधों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आगामी 17 जून को फ्रांस में एक महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, फ्रांस में आयोजित होने जा रहे जी – 7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंच रहे दोनों वैश्विक नेता वहां एक विशेष द्विपक्षीय वार्ता में भी शामिल होंगे। दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे संवेदनशील समय में हो रही है, जब हाल ही में अमेरिकी नौसेना की एक कार्रवाई के दौरान तीन भारतीय नाविकों की मौत का मामला गरमाया हुआ है। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रपति ट्रंप के हालिया बयानों को लेकर भारत में विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर रुख अपनाए हुए हैं । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आखिरी मुलाकात 13 फरवरी 2025 को हुई थी। अब लगभग 16 महीनों के लंबे अंतराल के बाद दोनों नेता एक बार फिर आमने-सामने होंगे । इन 16 महीनों के दौरान दोनों देशों के रिश्तों में ऑपरेशन सिंदूर से लेकर अमेरिका द्वारा भारतीय सामानों पर लगाए गए टैरिफ और व्यापारिक संधियों जैसे कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। इससे पहले कई वैश्विक रिपोर्टों में यह दावा भी किया गया था कि कनाडा में आयोजित जी-7 समिट के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका आने का न्यौता दिया था, जिसे भारतीय प्रधानमंत्री ने उस समय स्वीकार नहीं किया था ।

ठंडे बस्ते में पड़ी व्यापारिक डील पर होगी चर्चा:

एक सप्ताह की विदेश यात्रा पर रवाना हो चुके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के एवियन शहर में 16 और 17 जून को आयोजित होने वाली जी-7 की बैठक में वैश्विक मंच साझा करेंगे। इसी दौरान वह अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा के लिए बैठेंगे। चूंकि वर्तमान में दोनों देशों के बीच कई मोर्चों पर तनातनी और कूटनीतिक बातचीत चल रही है, इसलिए इस बैठक के एजेंडे में कई बड़े विषय शामिल हैं।