ऋषि सांदीपनि के कृष्ण की विराट प्रतिमा

0

उज्जैन (मध्य स्वर्णिम): भगवान श्रीकृष्ण की विराट छवि के रूप में देश को नई पहचान देने जा रहा है। उज्जैन विकास प्राधिकरण यूनिटी माल के पीछे शिप्रा नदी तट पर 220 करोड़ की लागत से 151 फीट ऊंची भगवान श्रीकृष्ण की विराटस्वरूप धातु की मूर्ति स्थापित करेगा। खास बात यह है कि सरदार पटेल की 182 मीटर ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ बनाने वाले पद्मभूषण राम वनजी सुतार के पुत्र और मशहूर आर्किटेक्ट डॉ. अनिल राम सुतार ही इस प्रतिमा का निर्माण करेंगे। 30 फीट ऊंचे पेडस्टल पर बनने वाली यह प्रतिमा भगवान कृष्ण के विराट स्वरूप को दर्शाएगी। इसके देश की सबसे बड़ी धातु निर्मित कृष्ण प्रतिमा बनने की संभावना है। बताया जाता है कि यह परियोजना सिर्फ मूर्ति तक सीमित नहीं है। यूनिटी माल के पीछे शिप्रा से लगी करीब 30 एकड़ जमीन को विशेष धार्मिक पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। अगले कुछ दिनों में 220 करोड़ की इस योजना को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने रखा जाएगा। मंजूरी मिलते ही डीपीआर और निर्माण कार्य शुरू होगा। इसी सिलसिले में आर्किटेक्ट अनिल सुतार उज्जैन आए और यूडीए अध्यक्ष से मुलाकात की। बैठक में मूर्ति के धार्मिक-सांस्कृतिक स्वरूप पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेषज्ञों का मानना है कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर बनने वाला ये परिसर उज्जैन को धार्मिक पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई ऊंचाई देगा ।