भोपाल: मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल की है। भाजपा के तीनों उम्मीदवार तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। विधानसभा परिसर में रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद शर्मा ने तीनों नेताओं को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपकर उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। गुरुवार को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद चुनाव मैदान में केवल तीन उम्मीदवार ही शेष बचे थे, जबकि रिक्त सीटों की संख्या भी तीन थी। ऐसे में निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदान की आवश्यकता नहीं रही और तीनों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया ।दरअसल मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए हो रहे चुनाव का पूरा परिदृश्य उस समय बदल गया, जब कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र जांच प्रक्रिया के दौरान निरस्त कर दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट से तुरंत राहत नहीं:
इस बीच कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के फैसले को कांग्रेस ने पहले केंद्रीय निर्वाचन आयोग और फिर सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने जहां इस मामले में कोई फैसला नहीं दिया, वहीं सुप्रीम कोर्ट से भी पार्टी को तत्काल कोई राहत नहीं मिल सकी। सुप्रीम कोर्ट इस मामले की आज सुनवाई करेगा ।




