श्योपुर (मध्य स्वर्णिम): दुनिया भर में चीता पुनर्स्थापना परियोजना की पहचान बन चुका मध्य प्रदेश का कूनो नेशनल पार्क एक बार फिर बेहद ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है । भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 21 जून को दो दिवसीय प्रवास पर श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगी । प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 21 जून दोपहर करीब 3 बजे कूनो पहुंचेंगी और वन्यजीवों के इस खूबसूरत आशियाने के बीच ही रात्रि विश्राम (ओवरनाइट स्टे) करेंगी। इसके बाद 22 जून की सुबह वे पार्क के भीतर विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करेंगी, जिसके लिए उनका 45 मिनट का एक विशेष कार्यक्रम तय किया गया है। इस दौरे की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक खास बात यह मानी जा रही है कि बोत्सवाना से भारत लाए गए शेष चीतों को राष्ट्रपति के हाथों ही कूनो के खुले जंगल में छोड़ा जा सकता है । दरअसल, जब बोत्सवाना सरकार ने भारत के लिए इन चीतों का चयन किया था, तब प्रतीकात्मक रूप से इन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ही सौंपा गया था। ऐसे में यदि महामहिम खुद इन चीतों को कूनो के बड़े बाड़े से आजाद कर जंगल में छोड़ती हैं, तो यह वैश्विक चीता प्रोजेक्ट के इतिहास में एक बेहद भावुक और महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगा।




