अंडमान के समुद्र में मिला नैचुरल गैस का बड़ा भंडार: हरदीप पुरी

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): भारत के एनर्जी सेक्टर को लेकर एक गुड न्यूज सामने आई है। देश की सरकारी तेल कंपनी आयल इंडिया लिमिटेड ने अंडमान अपतटीय बेसिन में प्राकृतिक गैस का एक बड़ा भंडार खोज निकाला है। इस बात की जानकारी केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दी है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने लिखा कि अंडमान निकोबार द्वीपों से 15 किलोमीटर दूर श्री विजय पुरम – 3 में हमें प्राकृतिक गैस के भंडार मिले हैं। यह कुआं पानी में करीब 1900 मीटर गहराई में स्थिति हैं। शुरुआती टेस्टिंग के दौरान लगातार गैस जलने से गैस की मौजूदगी की पुष्टि हुई है । गैस के नमूने की जांच के लिए उसे लैबोरेट्री में भेजा गया है । यह खोज प्रधानमंत्री द्वारा स्वतंत्रता दिवस 2025 पर घोषित ‘समुद्र मंथन मिशन’ के उद्देश्यों को मजबूती प्रदान करती है। आयल इंडिया द्वारा अंडमान बेसिन में अब तक खोदे गए तीन कुओं में से दो में हाइड्रोकार्बन की उपस्थिति दर्ज की जा चुकी है।