छिंदवाड़ा: पांढुर्ना की ग्राम पंचायत काराघाट कामठी में आंगनवाड़ी केंद्र से वितरित पोषण आहार में गंभीर लापरवाही सामने आई है। एक परिवार को दिए गए सत्तू के पैकेट में मरे हुए सांप के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों और पालकों में भारी आक्रोश है तथा पोषण आहार की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। काराघाट कामठी निवासी शेशराव धुर्वे की डेढ़ वर्षीय बेटी तनुश्री को आंगनवाड़ी केंद्र से 15 दिन पहले सत्तू के चार पैकेट मिले थे। परिवार तीन पैकेट का उपयोग कर चुका था। शनिवार को चौथा पैकेट खोलने पर उसमें सांप के अवशेष दिखाई दिए। जांच करने पर पैकेट में मरे हुए सांप के अन्य हिस्से भी मिले। घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि परिवार पहले ही तीन पैकेट उपयोग कर चुका था, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामला सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने अधिकारियों को अवगत कराया। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदारों ने मौके पर पहुंचकर जांच की, पीडि़त परिवार के बयान दर्ज किए और पंचनामा तैयार किया। परियोजना अधिकारी उषा पन्द्रे ने बताया कि जांच प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित होने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




