भोपाल (मध्य स्वर्णिम): उज्जैन ने देशभर में एक और कीर्तिमान स्थापित किया है। श्री महाकालेश्वर मंदिर और रुद्रसागर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए विकसित त्रिनेत्र आधारित वीडियो निगरानी प्रणाली को राष्ट्रीय ई- गवनेंस पुरस्कार 2026 के लिए चुना गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस शानदार उपलब्धि पर सभी को बधाई दी है। दरअसल, त्रिनेत्र एक अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी प्रणाली है । स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत मंदिर परिसर में 500 से अधिक एआई-सक्षम कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे 24 घंटे निगरानी करते हैं । उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की टीम ने उज्जैन पहुंचकर इस प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया था । इसके बाद दिल्ली में 13 सदस्यीय ज्यूरी के समक्ष स्वयं कलेक्टर ने प्रेजेंटेशन दिया । तकनीक और इसके प्रभाव को देखकर ज्यूरी प्रभावित हुई और प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया ।
उज्जैन की नई पहचान:
इस पुरस्कार ने उज्जैन को केवल ‘महाकाल की नगरी’ ही नहीं, बल्कि देश की अग्रणी स्मार्ट धार्मिक नगरी के रूप में भी स्थापित किया है। यहां अब श्रद्धा और तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन में जब उज्जैन का नाम गूंजेगा, तब यह उपलब्धि न केवल प्रशासन बल्कि महाकाल भक्तों के लिए भी गर्व का विषय होगी।




