भोपाल (मध्य स्वर्णिम): राज्यसभा के लिए मध्यप्रदेश से सबसे चौंकाने वाला नाम रजनीश अग्रवाल की उम्मीदवारी रही है। खुद रजनीश को इसका भरोसा नहीं हो रहा था। लेकिन, बदलते दौर की बीजेपी ने साफ़ संदेश दिया है कि ‘कार्यकर्ता पार्टी का ध्यान रखें, पार्टी अपने परिवार का ख्याल रखेगी ।’ भारतीय जनता पार्टी के मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए गए प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। रजनीश अग्रवाल को पार्टी ने राज्यसभा भेजने का निर्णय लेकर यह संदेश दिया है कि भाजपा में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं और संगठनात्मक नेताओं को भी शीर्ष स्तर पर अवसर मिलता है। रजनीश अग्रवाल का राजनीतिक सफर संगठन से शुरू होकर अब संसद के उच्च सदन तक पहुंचने जा रहा है। प्रदेश भाजपा में वे लंबे समय से विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं। संगठन विस्तार, कार्यकर्ता समन्वय, चुनावी प्रबंधन और पार्टी कार्यक्रमों के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है । भाजपा के भीतर उनकी पहचान ऐसे नेता के रूप में है, जो कार्यकर्ताओं के बीच लगातार सक्रिय रहते हैं और संगठन को मजबूत बनाने में विश्वास रखते हैं।रजनीश अग्रवाल को भाजपा के उन नेताओं में माना जाता है, जिन्होंने बिना किसी बड़े जनप्रतिनिधि पद पर रहे संगठन में लगातार काम किया । प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं के साथ उनका मजबूत संपर्क रहा है। पार्टी के विभिन्न अभियानों, सदस्यता विस्तार कार्यक्रमों और चुनावी रणनीतियों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उनका स्वभाव भी सरल हैं।
नितिन नवीन से मित्रता चर्चा में:
राज्यसभा उम्मीदवार घोषित होने के बाद उनके राजनीतिक सफर से जुड़े कई पुराने प्रसंग भी चर्चा में हैं। इनमें भाजपा के नए कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ उनकी पुरानी मित्रता भी शामिल है। वर्ष 2010 से 2013 के दौरान जब नितिन नवीन भारतीय जनता युवा मोर्चा के मध्य प्रदेश प्रभारी थे, तब रजनीश अग्रवाल युवा मोर्चा में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसी दौरान दोनों नेताओं के बीच गहरा आत्मीय संबंध बना। वर्ष 2011 में रजनीश अग्रवाल के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए नितिन नवीन विशेष रूप से पटना से भोपाल पहुंचे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच आज भी यह प्रसंग चर्चा में रहता है कि उन्होंने मजाक में किए गए वादे को निभाते हुए रजनीश अग्रवाल को घोड़ी पर चढ़ाने की रस्म में भी भाग लिया था।




