तरुण, रजनीश के लिए खोले दरवाजे, मप्र से राज्यसभा जाएंगे तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल

0

नई दिल्ली/भोपाल (मध्य स्वर्णिम): भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा की रिक्त होने वाली दो सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने वरिष्ठ भाजपा नेता और राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ तथा भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही दोनों नेताओं का राज्यसभा में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। मध्य प्रदेश विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या के अनुसार दोनों सीटें पार्टी के खाते में आएगी । राज्यसभा चुनाव को लेकर लंबे समय से विभिन्न नामों पर चर्चा चल रही थी, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक अनुभव और राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने वाले नेताओं पर भरोसा जताया है । संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाले नेता हैं तरुण चुग तरुण चुग भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं और लंबे समय से पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। पंजाब से आने वाले चुग को भाजपा नेतृत्व का करीबी और रणनीतिकार माना जाता है। उन्होंने कई राज्यों में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है । मध्यप्रदेश में भी वे समय-समय पर संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं । मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल भाजपा के अनुभवी संगठनात्मक नेताओं में शामिल हैं । वे लंबे समय से पार्टी में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालते रहे हैं और संगठन विस्तार, चुनावी प्रबंधन तथा कार्यकर्ता समन्वय में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा भेजकर संगठन के प्रति उनके योगदान को सम्मान दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार भाजपा ने इन नामों के जरिए संगठन को प्राथमिकता देने का संदेश दिया है।