सीधी: जिले के वनांचल क्षेत्र कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत गाजर के चिनगी गांव में एक दर्दनाक घटना में जंगली हाथियों के हमले से वृद्ध दंपति की मौत हो गई। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है, वहीं प्रभावित परिवार को विस्थापन का लाभ नहीं मिलने को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है । मिली जानकारी के अनुसार ग्राम तिलिया निवासी भैयालाल यादव ( 60 वर्ष ) पिता लालमन यादव एवं उनकी पत्नी रविवार रात लगभग 2 बजे अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान हाथियों का झुंड गांव में पहुंच गया। बताया जाता है कि हाथियों ने घर को घेर लिया और दोनों वृद्ध दंपति को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई । बडी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस, राजस्व एवं वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई । हालांकि ग्रामीणों का आक्रोश इतना अधिक था कि उन्होंने मृतकों के शवों को उठाने से इंकार कर दिया ग्रामीणों आरोप है कि संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र से लगे इस गांव में हाथियों का लगातार खतरा बना रहता है।
तामिया/छिन्दवाड़ा (नितिन दत्ता): पूर्व छिन्दवाड़ा वनमण्डल के परिक्षेत्र छिन्दी अंतर्गत वन्यप्राणी (बाघ) के शिकार एवं उनके शरीर के अंग छिपाकर रखने की सूचना प्राप्त हुई थी । प्राप्त सूचना के आधार पर सर्च वारंट जारी किया गया, तत्पश्चात वन अमले द्वारा आरोपी दिनेश कुमार नेमा के घर की तलाशी ली गई, तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 1 नग नाखून, 2 नग दांत एवं वन्यप्राणि की हड्डियों के टुकड़े आरोपी के घर से जप्त किये गये । तत्पश्चात आरोपी से बयान लिये गये एवं बयान के आधार पर यह जानकारी प्राप्त हुई, कि वर्ष 2019 में पुलिस विभाग द्वारा वन्यप्राणी (बाघ) शिकार का एक प्रकरण दर्ज किया गया था। उक्त प्रकरण में आरोपी के साथ अन्य 10 लोगों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज किया गया था। आरोपी द्वारा यह भी बताया गया कि यह वन्यप्राणी (बाघ) के अवयव वर्ष 2019 में दर्ज प्रकरण के हैं जिन्हें उस समय से उनके घर में छिपाकर रखा गया है । उक्त बयान एवं जांच के आधार पर वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की कार्यवाही प्रगति पर है। आरोपी से और पूछताछ की जा रही है, जिसके आधार पर अन्य अपराध भी सामने आने की संभावना है। उक्त प्रकरण में जप्त किए गये वन्यप्राणी के अवयवों की जांच हेतु पेंच टाईगर रिजर्व सिवनी के अधिकारियों से संपर्क किया गया है।




