इस्लामाबाद (मध्य स्वर्णिम): पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत पर आरोप लगाते हुए कहा है कि दिल्ली के रवैये की वजह से दक्षिण एशिया में अस्थिरता बढ़ी है। पाकिस्तान की असीम मुनीर के नेतृत्व वाली सेना की ओर से दावा किया है कि दक्षिण एशिया में क्षेत्रीय स्थिरता के कमजोर होने के पीछे भारत के सैन्यीकरण और भड़काऊ बयान जिम्मेदार हैं। पाकिस्तान ने साथ ही भारत के साथ बातचीत फिर से शुरू करने की गुहार लगाई है। पाकिस्तान की शहबाज शरीफ की सरकार भी भारत पर इस तरह के आरोप मढ़ती रही है। खासतौर से ‘ऑपरेशन सिंदूर 2.0’ का डर पाकिस्तान में दिखता रहा है | सिंगापुर में ‘शांगरी – ला डायलॉग शिखर सम्मेलन में बोलते हुए पाकिस्तानी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल नौमान जकारिया ने दावा किया, भारत का सैन्यीकरण, तीखी बयानबाजी और पड़ोसी देशों के बीच संकट प्रबंधन तंत्र की कमी क्षेत्रीय स्थिरता को कमजोर कर रही है ।
बातचीत जारी रखना जरूरी:
पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी जकारिया ने कहा कि इतिहास सिखाता है कि रणनीतिक स्थिरता केवल प्रतिरोध से ही नहीं बल्कि संचार के माध्यम से बनी रह सकती है। ऐसे में जरूरत इस बात की है कि बातचीत कभी भी टूटनी नहीं चाहिए। हालांकि जकारिया ने ‘दक्षिण एशिया में युद्ध की गुंजाइश होने की धारणा’ को पूरी तरह खारिज कर दिया।जकारिया ने कहा कि गलतफहमी कम करने और हथियारों की होड़ को रोकने के लिए देशों के बीच विश्वास- निर्माण के उपाय, पारदर्शिता तंत्र और तकनीकी बातचीत बेहद जरूरी हैं। पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी ने कहा कि आज की दुनिया में निर्णय लेने का समय बहुत कम होता जा रहा है। ऐसे में प्रत्यक्ष संचार का महत्व बढ़ जाता है।




