मौसम का कहर : केदारनाथ में 3 की मौत

0

देहरादून: उत्तराखंड में रविवार को मौसम बेहद बिगड़ गया, जिससे पहाड़ से लेकर मैदान तक जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने प्रदेशभर में आपदा जैसी स्थिति की पुष्टि की है। सबसे दर्दनाक खबर रुद्रप्रयाग जिले से आई, जहां केदारनाथ धाम में तीन श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य बिगड़ने से मौत हो गई, इसके बाद चारधाम यात्रा के मार्गों पर यात्रियों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया । 30 मई को एक ही दिन में दम तोड़ने वाले श्रद्धालुओं में मध्यप्रदेश के गोपाल मिश्रा (76), गुजरात के नावघंजी लक्ष्मणजी ठाकुर (52) और तेलंगाना के बालागनी बलराजू (49) शामिल हैं।

यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया:
केदारनाथ दर्शन के दौरान या बाद में स्वास्थ्य बिगडऩे के कारण फाटा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान या उससे पहले चल बसे। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग ने सुबह 10 बजे से यात्रियों को आगे जाने से रोक दिया और सभी को निकटतम सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया। प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी चिंताजनक खबरें मिली हैं। उत्तरकाशी में नैनीताल की महिला ट्रेकर बबीता पांडे 30 मई को लापता हो गईं, जिनकी तलाश में एसडीआरएफ, पुलिस और वन विभाग का 17 सदस्यीय दल जुटा है।