पति समर्थ सिंह को सीबीआई ने लिया रिमांड पर

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): राजधानी भोपाल के हाईप्रोफाइल टिवशा शर्मा केस में बुधवार को बड़ा अपडेट सामने आया है। भोपाल पुलिस से अपने हाथ में जांच लेने वाली सीबीआई की दिल्ली टीम ने बुधवार को त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को भी रिमांड पर ले लिया है। दोपहर बाद मेडिकल कराने के बाद भोपाल पुलिस ने समर्थ सिंह को भोपाल जिला अदालत में प्रस्तुत किया । सीबीआई के अधिकारियों की टीम वकील के साथ अदालत में मौजूद थी । सीबीआई के वकील ने अदालत को बताया कि केस की जांच अब सीबीआई कर रही है। इस केस से संबंधित डायरी और अन्य साक्ष्य व दस्तावेज व डिजिटल उपकरण भी सीबीआई अपने कब्जे में ले चुकी है । अब आगे की पूछताछ के लिए आरोपी की रिमांड चाहिए। अदालत ने सीबीआई के आवेदन पर समर्थ सिंह को आगे की पूछताछ के लिए 29 मई तक की रिमांड पर भेज दिया है। सीबीआई अब समर्थ सिंह से पूछताछ करेगी। समर्थ सिंह से अब तक हुई पूछताछ में कई ऐसे विरोधाभासी बयान सामने आए हैं, जो उनकी मां के बयानों या कथनों से मेल नहीं खा रहे हैं ।

कब हुई थी टिवशा की मौत ?
ज्ञात हो कि 31 वर्षीय टिवशा शर्मा की 12 मई की रात करीब दस बजे के बाद कटारा हिल्स थाना क्षेत्र के बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित ससुराल में मौत हो गई थी। ससुराल वालों ने फांसी लगाना बताया है। गले में दो निशान मिलने के कारण नोएडा निवासी त्विषा के परिजन हत्या का आरोप भी लगा रहे हैं।

हाईकोर्ट में सास गिरिबाला ने गलत काम करने से किया इनकार:
टिवशा शर्मा मामले में सास गिरिबाला सिंह ने बुधवार को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर खंडपीठ में अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया। उनके अधिवक्ता मृगेन्द्र सिंह ने अदालत में जवाब पेश करते हुए कहा कि गिरिबाला सिंह ने जांच एजेंसियों का पूरा सहयोग किया है और न तो जांच को प्रभावित करने की कोशिश की और न ही किसी साक्ष्य से छेड़छाड़ की। बता दें कि मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में उन याचिकाओं पर सुनवाई चल रही है, जिनमें भोपाल जिला अदालत द्वारा गिरिबाला सिंह को दी गई अग्रिम जमानत को चुनौती दी गई है। यह मामला 12 मई को बहू त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। बुधवार को हुई सुनवाई में बचाव पक्ष ने अदालत से कहा कि इस मामले की जांच अब सीबीआई को सौंप दी गई है, ऐसे में गिरिबाला सिंह की गिरफ्तारी की कोई आवश्यकता नहीं है।