भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को उज्जैन में शिप्रा तट पर रामघाट पर शिप्रा तीर्थ परिक्रमा में सहभागिता की। इस अवसर पर मुंबई से आए भारतीय नौसेना के बैंड ने रामघाट पर मनमोहक प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि उज्जैन सहित प्रदेशभर में गंगा दशहरा हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मुंबई से आए भारतीय नौसेना के बैंड की प्रस्तुति ने सभी को आनंदित किया है। बैंड के सदस्यों ने संगीत मय कार्यक्रम से रामघाट पहुंचे नागरिकों को मनमोहक धुनें सुनवाकर इस शाम को यादगार बना दिया है। मोक्ष दायिनी मां शिप्रा की दो दिवसीय तीर्थ परिक्रमा मंगलवार को संपन्न हुई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन में विधिवत पूजन- अर्चन कर शिप्रा में चुनरी अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेशभर में जल गंगा संरक्षण अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। सभी प्रमुख तालाब, कुएं, बावड़ी, पोखर, नदियों के उद्मम स्थलों पर जनसहयोग के जरिए जल संचयन के लिए कार्य जारी हैं | अब तक लगभग 2 लाख से अधिक काम पूरे किए गए हैं। देश में जल संरक्षण की दिशा में कार्य करते हुए मध्यप्रदेश इस मामले में पहले स्थान पर है। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य महंत उमेश नाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक जितेंद्र पंड्या, उज्जैन के महापौर मुकेश टटवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नवीन सोलंकी, नगर निगम की सभापति श्रीमती कलावती यादव, जिलाध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य रामलाल मालवीय अनेक निगम-मंडलों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे ।
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में महिला कर्मयोगी बहनों को नि: शुल्क ई-साइकिलें बांटी:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। मध्यप्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण को गति देने के लिए संकल्पित है। प्रदेश की सभी माताएं-बहनें अपने जीवन में सुख-समृद्धि, आनंद और वैभव प्राप्त करें। दुनिया में पेट्रोल- डीजल से दाम बढ़ रहे हैं। महिला कर्मयोगी बहनों को नि:शुल्क मिलीं ई- साइकिलें शक्ति प्रदान करेंगी। वैश्विक ऊर्जा संकट के दौर में इलेक्ट्रिक व्हीकल सबसे अच्छा विकल्प हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को उज्जैन में 40 महिला कर्मयोगी बहनों को ई-साइकिलें बांटने के बाद जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे। साइकिलें उज्जैन जिला प्रशासन ने सीएसआर फंड के माध्यम से उपलब्ध कराई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ई-साइकिलें उपलब्ध कराने वाली कंपनी के प्रयास को सराहा और लाभ प्राप्त करने वाली बहनों के बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार जल संवर्धन की दिशा में लगातार तीसरे वर्ष विकास कार्यों को गति दे रही है। प्रदेश में जल गंगा संरक्षण महाभियान के जरिए गुड़ी पड़वा से लेकर 30 जून तक लगभग 10 हजार करोड़ से अधिक लागत के कार्य शामिल हैं। इनमें नदी, तालाब, पोखर, कुएं, बावडिय़ों के जीर्णोद्धार के कार्य किए जा रहे हैं। प्रमुख नदियों के उद्गम स्थलों पर जल संरक्षण के लिए विशेष गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।




