दमोह (मध्य स्वर्णिम): फुटेरा वार्ड में एक पुराने मकान की खुदाई के दौरान ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्कों का खजाना निकलाने का दावा किया जा रहा है। लेकिन यह खजाना निकलते ही विवादों में घिर गया है। खुदाई करने वाले मजदूरों का दावा है कि जमीन से करीब 35 किलोग्राम चांदी जिसमें सिक्के और रॉड निकली है, वहीं मकान मालिक शिक्षक का कहना है कि सिर्फ कुछ सिक्के ही मिले थे। इस विरोधाभास के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। दरअसल मामला दमोह शहर के फुटेरा वार्ड का है, जहां रहने वाले स्कूल शिक्षक आलोक सोनी अपने पुराने पैतृक मकान को तुड़वाकर नया निर्माण करवा रहे हैं। रविवार को यह मामला अचानक तब थाने पहुंच गया जब खुदाई कर रहे मजदूर ओमप्रकाश अठया और अन्य साथी पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचे। मजदूरों के मुताबिक, खुदाई के दौरान पहले उन्हें एक खाली घड़ा मिला। थोड़ा और गहरा खोदने पर एक बड़ा मटका नुमा बर्तन निकला, एक बड़ा मटका नुमा बर्तन निकला, जो चांदी के सिक्कों और चांदी की रॉड से भरा हुआ था। मजदूरों का दावा है कि इस खजाने का कुल वजन करीब 30 से 35 किलोग्राम था । आरोप है कि खजाना देखते ही मकान मालिक ने उन्हें धमकाया और सारा माल एक बाल्टी में भरकर छिपा दिया। शाम को मजदूरों को सिर्फ 500-500 रुपए देकर विदा कर दिया गया, जिसके बाद मजदूरों ने गांव वालों की सलाह पर पुलिस की शरण ली। दूसरी तरफ, स्कूल शिक्षक आलोक सोनी खुद भी पुलिस थाने पहुंचे थे। उनका दावा है कि खुदाई में केवल चांदी के सिक्के मिले थे, जिसकी सूचना उन्होंने खुद पुलिस को दी है।
102 सिक्के जब्त, 2 मकान सील:
मजदूरों और शिक्षक के बयानों में भारी अंतर को देखते हुए दमोह पुलिस, जिला प्रशासन और पुरातत्व विभाग की टीमें तुरंत एक्टिव हुईं। तपती दोपहरी में अफसरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच-पड़ताल शुरू की। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत अब तक कुल 102 चांदी के सिक्के (कल्दार) जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर दो मकानों को सील कर दिया है ताकि जांच प्रभावित न हो।पुरातत्व विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अब तक बरामद हुए सभी सिक्के ब्रिटिश हुकूमत के काल के हैं। इन सिक्कों पर महारानी विक्टोरिया और जॉर्ज पंचम की तस्वीरें और आकृतियां बनी हुई हैं। ये सिक्के 100 साल से भी ज्यादा पुराने हैं। पुरातत्व की दृष्टि से इन ऐतिहासिक सिक्कों की कीमत बेशकीमती आंकी जा रही है। यदि मजदूरों का दावा सच निकलता है और 35 किलो चांदी बरामद होती है, तो इसकी बाजार कीमत करोड़ों में पहुंच सकती है।




