बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघ के हमले से महिला की मौत

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा रेंज क्षेत्र में शनिवार की रात एक बाघ ने घर में घुसकर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त कर मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। उमरिया जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा रेंज के ग्राम खेरवा टोला निवासी महिला फूल बाई पाल (48) पत्नी पहलू पाल शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अपने घर में सो रही थी। रात करीब तीन बजे बाघ ने घर में घुसकर महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाघ के हमले में दशईया पाल समेत चार लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद काफी देर तक महिला का शव घर के अंदर पड़ा रहा और बाघ आसपास ही मौजूद था। ग्रामीणों की सूचना पर रविवार सुबह वन विभाग की टीम गांव पहुंची, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर इंदवार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ।

सीएम ने महिला की मृत्यु पर दु:ख व्यक्त किया:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान अंतर्गत ग्राम खेरवा टोला, जिला उमरिया में बाघ के हमले में एक महिला की मृत्यु और कुछ नागरिकों के घायल होने पर दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने संवेदनाएं व्यक्त करते हुए हमले में मृतक के परिजन को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।