भारत का अमेरिकी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान: मार्को रुबियो

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने के उद्देश्य से रविवार को नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता हुई । अमेरिकी विदेश मंत्री के रूप में अपनी पहली भारत यात्रा पर आए रुबियो ने हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। वार्ता में दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा, व्यापार और वैश्विक रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही पश्चिम एशिया, यूक्रेन संघर्ष, भारतीय उपमहाद्वीप, पूर्वी एशिया और खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारतीय नागरिकों को अमेरिकी वीजा मिलने में आ रही कठिनाइयों का मुद्दा उठाया। इसके जवाब में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने स्पष्ट किया कि अमेरिका की नई आव्रजन और वीजा प्रणाली केवल भारत को लक्ष्य बनाकर लागू नहीं की जा रही है।