भोपाल (मध्य स्वर्णिम): त्विषा शर्मा केस में आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने समर्थ की 7 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली । वहीं, त्विषा के परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन पर कोर्ट ने समर्थ का पासपोर्ट जब्त करने के भी आदेश दिए हैं। बता दें कि त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को पुलिस हिरासत में लिए जाने पर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि सबसे पहले उनका मेडिकल कराया जाएगा और कोर्ट से पीआर (पर्सनल रिकॉग्निजेंस बॉन्ड) लिया जाएगा। हम सात दिन की रिमांड मांगेंगे। उन्हें देर रात लाया गया था, इसलिए कुछ प्रक्रियाओं में समय लग रहा है। आगे उनसे पूछताछ की जाएगी, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। भोपाल पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जब उनसे विस्तार से पूछताछ होगी और यदि यह सामने आता है कि फरारी के दौरान किसी ने उन्हें शरण दी थी, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, वह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे थे, लेकिन कोर्ट ने उन्हें सरेंडर करने की अनुमति नहीं दी। इस बीच मेरी टीम भी वहां मौजूद थी । इसके बाद मेरी टीम ने जबलपुर पुलिस की मदद से उन्हें हिरासत में ले लिया । त्विषा शर्मा के आखिरी मेकअप का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें वह ससुराल के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होती नजर आ रही है। वीडियो में वह सामान्य और रिलैक्स दिखाई दे रही है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर लिया है। ब्यूटी पार्लर त्विषा के ससुराल से करीब 100 मीटर दूर बताया गया है।
सास गिरिबाला सिंह अब खुद करेंगी कोर्ट में पैरवी:
राजधानी भोपाल के चर्चित त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में शनिवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह अब अपनी बहू त्विषा शर्मा की मौत से जुड़े मामले में स्वयं अदालत में पैरवी करेंगी। अब तक उनका पक्ष रख रहे अधिवक्ता इनोश जॉर्ज कार्लो ने मीडिया विवाद के बाद केस से स्वयं को अलग कर लिया है। इसके बाद गिरिबाला सिंह ने खुद अदालत में अपना पक्ष रखने का निर्णय लिया है। कटारा हिल्स स्थित निवास में हुई त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के बाद दर्ज प्रकरण में गिरिबाला सिंह को दहेज हत्या का आरोपी बनाया गया है।
मीडिया से बचते हुए समर्थ सिंह को मेडिकल जांच के लिए भेजा:
भोपाल पुलिस मीडिया से बचते हुए समर्थ सिंह को मेडिकल जांच के लिए जेपी अस्पताल ले गई। इसके बाद दोपहर करीब पौने तीन बजे उसे सीधे भोपाल जिला अदालत पहुंचाया गया। यहां भी पुलिस ने मीडिया से बचाने के लिए आरोपी को अदालत के पीछे स्थित गेट नंबर-3 से अंदर प्रवेश कराया। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि दहेज हत्या मामले के विभिन्न पहलुओं, मायके पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों और जांच में शामिल अन्य बिंदुओं को लेकर पूछताछ के लिए समर्थ सिंह को रिमांड पर लिया गया है।




