रायसेन (मध्य स्वर्णिम): मप्र में भीषण गर्मी और जल संकट अब जानलेवा साबित होने लगा है। एक तरफ रायसेन जिले में पानी भरने गई तीन आदिवासी छात्राओं की कुएं में डूबने से मौत हो गई, तो दूसरी ओर छिंदवाड़ा में उभरती कराटे और ताइक्वांडो खिलाड़ी केशिका चौरे की भी कुएं में गिरने से जान चली गई । रायसेन जिले के गैरतगंज तहसील स्थित सगौर गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। गांव के लोगों को करीब एक किलोमीटर दूर कुएं से पानी लाना पड़ता है। शनिवार सुबह चार छात्राएं पानी भरने के लिए कुएं पर पहुंची थीं ।
पानी भरने गईं छात्राएं नहीं लौटीं घर:
रायसेन हादसे में मृत छात्राओं की पहचान राधा पिता हलके राम ( 12 ), अमृता पिता रामगोपाल ( 12 ) और तनु पिता हलके राम ( 13 ) के रूप में हुई है । राधा और अमृता पांचवीं कक्षा में पढ़ती थीं, जबकि तनु आठवीं की छात्रा थी। तनु और राधा सगी बहनें थीं। घटना के समय चौथी छात्रा अमीना भी मौके पर मौजूद थी । उसने गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद गांववाले बच्चियों को कुएं से निकालकर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।




