भोपाल: देश को नक्सलवाद से मुक्त बनाने की दिशा में चलाए जा रहे निर्णायक अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ स्थित बस्तर के बादल अकादमी में आयोजित उजर बस्तर कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा, मध्यप्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं हॉक फोर्स के अधिकारियों / कर्मचारियों को सम्मानित किया । कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सुरक्षा बलों एवं पुलिस अधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से देश तेजी से नक्सलमुक्त भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है तथा सुरक्षा बलों की वीरता और प्रतिबद्धता इसके पीछे सबसे बड़ी शक्ति है। मध्यप्रदेश पुलिस को यह सम्मान बालाघाट एवं छत्तीसगढ़ सीमा से लगे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सफल एंटी नक्सल ऑपरेशन्स, प्रभावी अंतरराज्यीय समन्वय, मजबूत खुफिया नेटवर्क, दुर्गम क्षेत्रों में सतत अभियान संचालन तथा सुरक्षा एवं विकास आधारित पुलिसिंग मॉडल को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रदान किया गया । सम्मानित अधिकारियों में पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाणा, विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव, पुलिस आयुक्त भोपाल एवं तत्कालीन आईजी बालाघाट जोन संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक बालाघाट आदित्य मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली एवं तत्कालीन कमांडेंट हॉक फोर्स बालाघाट शियाज़ के. एम. पुलिस उपायुक्त भोपाल एवं तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एंटी नक्सल ऑपरेशन बालाघाट आदर्श कांत शुक्ला शामिल रहे।




