नए युग की शुरुआत : सुपर स्टार से जननायक बने विजय

0

चेन्नई (मध्य स्वर्णिम): तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को एक ऐतिहासिक बदलाव देखा गया, जब टीवीके के प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने इन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय के मुख्यमंत्री बनते ही राज्य की राजनीति में बीते छह दशकों से चले आ रहे डीएमके और एआईएडीएमके के दबदबे का अंत हो गया है। जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस भव्य समारोह में विजय के साथ इनके मंत्रिमंडल के नौ अन्य सदस्यों ने भी शपथ ली। इनमें एन. आनंद, आधव अर्जुन, केजी अरुण राज, केए. सेंगोट्टैयन, पी. वेंकेटरामनन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टी. के. प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना शामिल हैं। कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित देश के कई दिग्गज राजनेता और फिल्मी हस्तियां मौजूद रहीं। स्टेडियम की पहली पंक्ति में विजय के माता- पिता, प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एस. ए. चंद्रशेखर और शांभा चंद्रशेखर के साथ-साथ अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन और उनकी माता के लिए विशेष स्थान आरक्षित था। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच हजारों समर्थकों की मौजूदगी में यह समारोह संपन्न हुआ ।

रंगास्वामी 13 मई को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ:
पुडुचेरी में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एन. रंगास्वामी को पुडुचेरी का मुख्यमंत्री नियुक्त करने की मंजूरी दे दी। गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने एन. रंगास्वामी को पुडुचेरी केंद्र शासित प्रदेश का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है और यह नियुक्ति उनके शपथ ग्रहण की तिथि से प्रभावी होगी। गृह मंत्रालय की अधिसूचना जारी होने के बाद पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने एन. रंगास्वामी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। सूत्रों के अनुसार, रंगासामी आगामी 13 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।