कोलकाता (मध्य स्वर्णिम): पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। राज्य के कई इलाकों में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की बीच झड़प की खबरें आ रही हैं। गुरुवार को हावड़ा के शिवपुर स्थित चौराबस्ती इलाके में कथित तौर पर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। नतीजे आने के बाद से ही राज्य के अलग-अलग हिस्सों में खूनी खेल शुरू हो गया है। चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद शांति बहाल होने के बजाय हिंसा और राजनीतिक टकराव की खबरें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। उत्तर 24 परगना जिले का पानीहाटी इलाका उस वक्त दहल उठा जब वहां भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर बम फेंके गए । एक तरफ जहां लोग जीत का जश्न मना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ हिंसा की इन घटनाओं ने आम आदमी के मन में डर पैदा कर दिया है। यह हिंसा केवल एक इलाके तक सीमित नहीं है, बल्कि बसीरहाट, बरानगर और हावड़ा जैसे क्षेत्रों से भी ऐसी ही खबरें सामने आ रही हैं।
राज्यपाल ने भंग की बंगाल विधानसभा:
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हारने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार करने वाली ममता बनर्जी का दांव नहीं चला है। राज्यपाल ने बंगाल विधानसभा को भंग कर दिया है। चार मई को आए चुनावी नतीजों में न सिर्फ ममता बनर्जी को भवानीपुर से हार का सामना करना पड़ा, बल्कि 15 सालों तक रही सत्ता भी चली गई। भाजपा ने बंपर जीत हासिल करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की। चुनावी नतीजे लोगों का जनादेश नहीं, बल्कि साजिश थे, यह आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद राज्य में एक संवैधानिक अनिश्चितता और राजनीतिक टकराव की स्थिति पैदा हो गई थी।




