भोपाल (मध्य स्वर्णिम): प्रदेश सरकार ने संविदा शिक्षकों के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब स्कूल शिक्षा विभाग में काम कर रहे संविदा शिक्षकों को सरकारी भर्तियों में 50 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। सरकार ने इसके लिए सेवा नियमों में बदलाव किया है। नए नियम के अनुसार, जो संविदा कर्मचारी कम से कम एक वर्ष लगातार काम कर चुके हैं, वे नियमित भर्ती के समय इस आरक्षण का लाभ ले सकेंगे। हालांकि, यह फायदा सिर्फ पहली नियमित नियुक्ति के समय ही मिलेगा। सरकार ने साफ किया है कि भर्ती प्रक्रिया पहले की तरह पारदर्शी और प्रतियोगी ही रहेगी। यानी चयन के नियमों में कोई ढील नहीं दी जाएगी। संविदा कर्मचारियों को उम्र में भी छूट मिलेगी । उनकी सेवा के वर्षों के आधार पर अधिकतम उम्र सीमा 55 साल तक रखी गई है, लेकिन यह लाभ तभी मिलेगा जब वे उसी विभाग में आवेदन करेंगे, दूसरे विभाग में नहीं । इसके अलावा SC, ST, OBC और EWS के लिए पहले से लागू आरक्षण नियम पहले की तरह जारी रहेंगे। जरूरत पड़ने पर बैकलॉग पदों को नियम के अनुसार डी – रिजर्व भी किया जा सकता है। संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर ने कहा कि वे कई वर्षों से 50 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रहे थे ।
लापता 4 लोगों की तलाश जारी:
बरगी डैम में गुरुवार को हुए क्रूज हादसे के बाद लापता चार लोगों की तलाश के लिए शनिवार सुबह 7 बजे से सर्च आपरेशन फिर से शुरू किया गया। बचाव कार्य में सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें नौकाओं की मदद से लापता लोगों को खोज रही हैं। इस हादसे में ओएफके कर्मी 45 वर्षीय कामराज, 5 वर्षीय श्रीतमिलवेंदन और 9 वर्षीय मयूरन सहित 4 लोग अभी भी लापता हैं। लापता चौथा सदस्य 6 वर्षीय विराज सोनी है। बरगी डैम हादसे का कारण बने क्रूज के पायलट (हादसे के बाद सेवा से बर्खास्त) महेश पटैल ने पहली बार एक न्यूज चैनल के कैमरे के सामने आकर पहली बार हाथ जोड़कर हादसे के शिकार पीडि़त परिवारों से माफी मांगी है। इस दौरान उसने बताया कि यात्रा के समय मौसम सामान्य था, लेकिन बीच में पहुंचते ही अचानक तेज हवाएं चलने लगीं।
क्रूज के डूबने से पहले मौज-मस्ती और गाना सुनते दिखे यात्री:
क्रूज नाव के डूबने से पहले यात्री संगीत सुनते हुए दिख रहे हैं। क्रूज की सवारी का आनंद ले रहे हैं। इस जौरान लाइफ जैकेट अधिकांश यात्री नहीं पहने हुए दिख रहे हैं। लेकिन किसी को क्या पता था कि ये मस्ती मौत से पहले की हो जाएगी। इतने भयावह हादसे की कल्पना भी नहीं की गई होगी। गौरतलब है कि शुक्रवार को राहत-बचाव कार्य के दौरान भी डैम में लाइफ जैकेट के बंडल पानी में तैरते हुए मिले थे।




