राशन-पानी के साथ किसान आंदोलन, एमएसपी, मूंग खरीदी व स्लॉट बुकिंग की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन

0

हरदा: किसान संगठनों के आह्वान पर बड़े स्तर पर किसान आंदोलन देखने को मिला। जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ कृषि उपज मंडी पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसान संगठनों का दावा है कि यह प्रदेश के हालिया वर्षों का सबसे बड़ा किसान आंदोलन हो सकता है।किसानों ने अपनी 20 सूत्रीय मांगों को लेकर यह प्रदर्शन किया, जिसमें प्रमुख रूप से मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू करने, गेहूं की स्लॉट बुकिंग व्यवस्था में सुधार करने और सभी फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने की मांग शामिल है। किसानों का कहना है कि इन समस्याओं के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।आंदोलन में हरदा जिले के करीब 270 गांवों के अलावा देवास, नर्मदापुरम और खंडवा जिलों से भी बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। ट्रैक्टरों के लंबे काफिले के साथ पहुंचे किसानों ने जिला मुख्यालय की ओर मार्च करने की रणनीति बनाई। कई किसान अपने साथ भोजन और जरूरी सामान भी लेकर पहुंचे, जिससे संकेत मिलता है कि वे लंबे समय तक आंदोलन जारी रखने के लिए तैयार हैं।प्रशासन ने आंदोलन को देखते हुए व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थाएं की हैं। शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं और लोगों को असुविधा से बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, गर्मी को ध्यान में रखते हुए पीने के पानी, एम्बुलेंस और चिकित्सा सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।

1100 पुलिसकर्मी तैनात:

पुलिस प्रशासन के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 1100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें कई जिलों से अतिरिक्त बल बुलाया गया है, जो शहर के अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और जरूरत पडऩे पर इसे अनिश्चितकाल तक जारी रखा जाएगा।