नदिया (मध्य स्वर्णिम): पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच जिले के राणाघाट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि पहले चरण में हुई बंपर वोटिंग से राज्य में बदलाव का संकेत मिल गया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान से ही ममता बनर्जी सरकार का सुपड़ा साफ होता दिखाई दे रहा है और 151 सीटों में से लगभग 110 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भारी बहुमत से जीत की ओर बढ़ रही है । अमित शाह ने कहा कि दूसरे चरण का मतदान बाकी काम पूरा कर देगा और राज्य में भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ हो जाएगा। सभा में मौजूद मां-बहनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं के खातों में हर महीने तीन हजार रुपये भेजने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को भी तीन हजार रुपये की सहायता उनके खातों में दी जाएगी। अमित शाह ने कहा कि सरकारी बसों में मां-बहनों को कोई टिकट नहीं लेना होगा ।




