मप्र के कई जिलों में बने बारिश के आसार

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट बदल ली। रविवार शाम महू में तेज बारिश हुई, जबकि भोपाल के कई इलाकों में हल्की दर्ज की गई। सीहोर और रतलाम में अच्छी बारिश ने लोगों को तपती गर्मी से थोड़ी राहत दी। हालांकि यह राहत पूरे प्रदेश में एक जैसी नहीं है । इधर गर्मी के प्रकोप को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव और छुट्टियां घोषित की गई हैं। भोपाल में 8वीं तक छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल से अगले तीन दिन प्रदेश में आंधी- गरज के साथ बारिश का दौर चल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई संभागों में बादल सक्रिय रहेंगे और तापमान में हल्की गिरावट संभव है । 28-29 अप्रैल को ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।

एक तरफ बारिश, दूसरी तरफ कई जिलों में लू:
मौसम का मिजाज इस समय पूरी तरह बंटा हुआ नजर आ रहा है। जहां कुछ इलाकों में बादल और बारिश सक्रिय हैं, वहीं 22 जिलों में लू का अलर्ट जारी है। ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, रायसेन, नर्मदापुरम, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर समेत कई जिलों में गर्म हवाएं लोगों को परेशान किया।