शिवपुरी (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में स्थित माधव टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक आदिवासी की बाघ के हमले में मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह नरवर – शिवपुरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जो करीब 5 घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। जानकारी के अनुसार, ग्राम ऐरावन के जंगल में शुक्रवार शाम एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला। पास में मादा टाइगर एमटी – 6 की लोकेशन मिलने से उसके हमले की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान सरवन (लगभग 50 वर्ष), निवासी ग्राम ऐरावन, के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था। घटनास्थल पर उसके कपड़े और अन्य सामान मिले। शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि किसी जंगली जानवर ने हमला किया। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में भी किसी बड़े जंगली जानवर द्वारा नुकीले दांतों से हमले के संकेत मिले हैं, हालांकि अंतिम पुष्टि रिपोर्ट के बाद ही होगी । घटना से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार सुबह 7 बजे नरवर – शिवपुरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया ।




