बहुप्रतीक्षित नियुक्तियों की हुई शुरुआत

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश सरकार ने लंबे इंतजार के बाद निगम-मंडलों और आयोगों में नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राज्य सरकार ने अनुसूचित जाति आयोग और अनुसूचित जनजाति आयोग की नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए पदाधिकारियों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए । अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कैलाश जाटव को मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, रामलाल मालवीय और बारेलाल अहिरवार को आयोग का सदस्य बनाया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अनुसूचित जाति विकास विभाग के आयुक्त/संचालक पदेन सदस्य के रूप में आयोग का हिस्सा रहेंगे । सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, इन नियुक्तियों की अवधि कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष होगी । इसी तरह जनजातीय कार्य विभाग ने भी मध्य प्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग में नई नियुक्तियों की घोषणा की है। सरकार ने रामलाल रौतेल को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि भगत नेताम और मंगल सिंह धुर्वे को सदस्य बनाया गया है। जानकारी के अनुसार, सरकार जल्द ही अन्य महत्वपूर्ण आयोगों में भी नियुक्तियां कर सकती है। साथ ही मध्य प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष पद के लिए रेखा यादव और बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष पद के लिए डॉ. निवेदिता शर्मा के नाम पर मुहर लगाई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आयोगों में नियुक्तियों की शुरुआत के साथ ही अब निगम- मंडलों, प्राधिकरणों और अन्य बोर्डों में भी नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज हो सकती है।

संगठन का आभार:

अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बनाए गए संघ पृष्ठभूमि के पूर्व विधायक रामलाल रौतेल ने मध्यस्वर्णिम से दूरभाष पर हुई बात में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित संगठन के सभी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर लगातार विश्वास व्यक्त करते हुए दी जा रही जिम्मेदारी से अभिभूत हूं। प्रधानमंत्री जी के विजन 2047 को साकार करने के लिए अपना हर क्षण देने और संगठन की उम्मीद पर खरा उतरने की कोशिश होगी।