बड़वानी (मध्य स्वर्णिम): जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। खंडवा- बड़ौदा हाईवे पर जुलवानिया टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार टैंकर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें पांच बारातियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं ।पुलिस के मुताबिक, जलगांव से आई बारात राजपुर में शामिल होकर लौट रही थी । इसी दौरान बारातियों की कार का डीजल खत्म हो गया। कुछ युवक जुलवानिया से डीजल लेकर वापस लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी कार को टक्कर मार दी । हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ही तीन युवकों ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक और युवक की मौत हो गई । कुछ देर बाद एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया। तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सचिन गोकुल वास्कले 25 वर्ष निवासी पटेलपुरा साकड़), प्रदुम्य पुत्र गुलीचंद सहते 25 वर्ष निवासी सालखेड़ा, पप्पू पुत्र हिरालाल 29 वर्ष निवासी लिम्बई और आकाश पुत्र दयाराम 25 वर्ष निवासी रालामंडल, यशवंत सुपड़िया निवासी जलगांव के रूप में हुई है ।




