भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र ( जीतू) पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा और सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश में अब कानून का राज नहीं, बल्कि मोहन राज के नाम पर सत्ता का खुला दुरुपयोग और अराजकता चल रही है। पटवारी ने कहा कि हाल ही में हुए सड़क हादसे में विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र द्वारा निर्दोष लोगों को थार वाहन से कुचलने की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है । लेकिन उससे भी अधिक चिंताजनक और शर्मनाक तथ्य यह है कि जब कानून ने अपना काम करना शुरू किया, तो स्वयं विधायक पुलिस अधीक्षक (SP) और एसडीओपी जैसे वरिष्ठ अधिकारियों को खुलेआम धमकाने और उनकी औकात बताने पर उतर आए। उन्होंने कहा कि विधायक का यह बयान मेरा बेटा करेरा आएगा, चुनाव भी लड़ेगा, तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना, अपना इतिहास देख लेना, अपनी औकात में रहो – यह दर्शाता है कि भाजपा नेताओं में कानून का भय पूरी तरह समाप्त हो चुका है। यह केवल एक व्यक्ति का अहंकार नहीं, बल्कि पूरे शासन तंत्र की विफलता और संरक्षण का परिणाम है पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सीधा सवाल करते हुए कहा कि क्या मध्य प्रदेश में सरकार चल रही है या सर्कस ? क्या भाजपा विधायक और उनके परिजन कानून से ऊपर हैं? यदि अधिकारी भ्रष्ट हैं, जैसा कि विधायक दावा कर रहे हैं, तो फिर आपकी सरकार ने अब तक क्या कार्रवाई की? उन्होंने कहा कि जब तक मामला शांत रहता है, तब तक सत्ता पक्ष चुप रहता है, लेकिन जैसे ही कानून का शिकंजा कसता है, भाजपा के नेता अपनी सत्ता का दुरुपयोग कर प्रशासन पर दबाव बनाने लगते हैं । यह लोकतंत्र और संविधान दोनों का खुला अपमान है ये कोई पहली बार नहीं बीजेपी के नेता लगातार सत्ता के नशे में इस प्रकार के कृत्य करते आ रहे हैं पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए भारत के दावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह वही नया भारत है, जहाँ सत्ता के नशे में चूर नेता आम जनता को कुचलते भी हैं और फिर कानून को धमकाते भी हैं। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों से भाजपा को सत्ता सौंपने वाली प्रदेश की जनता आज अपने ही राज्य में असुरक्षित महसूस कर रही है।




