कोलकाता/भोपाल (मध्य स्वर्णिम): पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कोलकाता में जोरदार चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब जंगलराज और ठहराव से मुक्ति चाहती है और विकास की ओर बढ़ने के लिए तैयार है। सीएम डॉ. यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि एक समय देश का अग्रणी राज्य रहा बंगाल आज विकास की दौड़ में पीछे छूट गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कम्युनिस्ट और फिर तृणमूल कांग्रेस की सरकारों के कारण राज्य की प्रगति रुक गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के अन्य राज्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और बंगाल की जनता भी अब उसी तरह का विकास चाहती है।
घर-घर पहुंचकर किया जनसंपर्क:
सीएम ने कहा कि बंगाल के लोग अब कानून-व्यवस्था की स्थिति से परेशान हैं और जंगलराज से बाहर निकलना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाना चाहती है। चार के दौरान सीएम डॉ. यादव ने कोलकाता के कमरहाटी क्षेत्र के वार्ड 24 और 112 में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की। उन्होंने दुकानों और गलियों में जाकर आम लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
डबल इंजन सरकार से तेज विकास:
सीएम ने भरोसा दिलाया कि अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो डबल इंजन की ताकत से विकास की गति कई गुना बढ़ेगी और हर वर्ग के जीवन में बदलाव दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि कोलकाता के कई अंदरूनी इलाकों में गरीबी और बेरोजगारी बड़ी समस्या है। युवाओं को रोजगार नहीं मिलने के कारण उन्हें पलायन करना पड़ रहा है।
भाजपा प्रत्याशी के लिए मांगा समर्थन:
सीएम ने बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसे रोकने के लिए कड़े कदम जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि देशभक्तों की ताकत बनाए रखने के लिए सही मतदाताओं की पहचान भी जरूरी है। प्रचार के दौरान सीएम डॉ. यादव ने कामरहाटी सीट से भाजपा प्रत्याशी अरूप चौधरी को भारी मतों से जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि बंगाल में विकास की असीम संभावनाएं हैं और भाजपा सरकार बनने पर राज्य नई ऊर्जा और नई दिशा के साथ आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री आज ओरछा-चंदेरी के लिये ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ का करेंगे शुभारंभ:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश में पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को सुगम, सुरक्षित और आनंददायक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए रविवार, 19 अप्रैल को सुबह 10: 45 बजे, राजधानी के स्टेट हैंगर से पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के अंतर्गत नए सेक्टर (भोपाल-चंदेरी- ओरछा) का विधिवत शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान करेंगे। यह नया सेक्टर भोपाल को भगवान श्रीराम की राजनगरी ओरछा और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध चंदेरी से जोड़ेगी। इससे श्रद्धालु श्रीरामराजा मंदिर में सुगमता से दर्शन के लिये पहुँच सकेंगे और चंदेरी की सांस्कृतिक विरासत व प्रसिद्ध हस्तशिल्प (चंदेरी साड़ी) का अनुभव ले सकेंगे। सेक्टर-2 अंतर्गत यह सेवा सप्ताह में 5 दिन (बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार) संचालित होगी। यात्रियों के लिए भोपाल से चंदेरी का किराया 5,500 और भोपाल से ओरछा का किराया 6,500 निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, 14,500 के विशेष पैकेज में टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद जैसी एंड-टू-एंड सुविधाएं भी शामिल हैं।




