भोपाल (मध्य स्वर्णिम): प्रदेश में गर्मी अब खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 43 डिग्री के पार दर्ज किया गया, जिससे दिनभर भीषण गर्मी और लू जैसे हालात बने रहे। मौसम विभाग के शाम 5:30 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश का अधिकांश इलाका सामान्य से कई डिग्री ज्यादा तापमान झेल रहा है और आने वाले दिनों में राहत के आसार भी कम नजर आ रहे हैं। पूर्वी मध्यप्रदेश के खजुराहो में सबसे ज्यादा 43.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा उमरिया में 42.9 डिग्री, टीकमगढ़ में 42.8 डिग्री, नौगांव में 42.6 डिग्री और दमोह-मंडला में 42.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी हिस्से में भी गर्मी के तेवर कम नहीं रहे। रतलाम में 42.3 डिग्री, गुना और दतिया में 42.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जिससे इन इलाकों में भी लू जैसे हालात बने रहे। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के बड़े शहर भी गर्मी से बेहाल रहे। भोपाल में 41.3 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री, ग्वालियर में 41.3 डिग्री और जबलपुर में 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर सन्नाटा नजर आया और लोग घरों में रहने को मजबूर हुए।
सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा तापमान:
मौसम के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया है। यह संकेत है कि गर्मी अपने चरम की ओर बढ़ रही है और अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हवा में नमी काफी कम रही और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। सूखी और गर्म हवाओं ने गर्मी के असर को और ज्यादा बढ़ा दिया है, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर के समय कई जिलों में लू चलने जैसी स्थिति रही। डॉक्टरों और मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर में बाहर निकलने से बचें, ज्यादा पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। मई से पहले ही अप्रैल में इस तरह की गर्मी संकेत दे रही है कि इस बार गर्मी का सीजन ज्यादा तीखा रहने वाला है।




