ब्लैक स्पॉट्स को लेकर गडकरी की सख्ती

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रायसेन दौरे के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के भोपाल क्षेत्र के अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की। गडकरी ने कहा कि प्रदेश में चिन्हित सभी ब्लैक स्पॉट्स का समय-सीमा में सुधार किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इन स्थानों पर जरूरी सुधार जैसे संकेतक बोर्ड, क्रैश बैरियर, रोड मार्किंग और लाइटिंग की बेहतर व्यवस्था की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। बैठक में मंत्री ने सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और भूमि अधिग्रहण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय पर पूरी हों और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। गडकरी ने कहा कि बेहतर सड़कें सिर्फ आवागमन ही नहीं, बल्कि आर्थिक विकास का भी आधार हैं। इससे यात्रा समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और सड़क सुरक्षा बेहतर होगी। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है, जिससे कृषि और औद्योगिक उत्पादों के परिवहन में तेजी आई है और लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आई है।