भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्यप्रदेश की बहनों के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 अप्रैल को सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त जारी करेंगे। इस बार प्रदेश की 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खाते में सीधे 1500 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। मुख्यमंत्री द्वारा कई महत्वपूर्ण कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा। इसमें 115 करोड़ रुपए के लोकार्पण के काम शामिल हैं। इसमें सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण (आष्टा), पार्वती नदी पर घाट निर्माण, जावर में नेवज नदी का पुनरुद्धार, मेहतवाड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सिद्दीगंज में उपतहसील भवन, आष्टा में राजस्व कार्यालय और आष्टा-शुजालपुर रोड पर पुल का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री 69 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। इसमें स्कूल भवन निर्माण, पुलिस आवास निर्माण, इछावर में छात्रावास निर्माण, सड़कें और सामुदायिक भवन, अमृत 2.0 योजना के तहत पेयजल परियोजना शामिल हैं। आष्टा शहर में भी विकास कार्य किए जाएंगे, जिनमें आरसीसी नाला निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्याकरण, सब्जी मंडी का विकास और पांडू शिला क्षेत्र का सुंदरीकरण शामिल है।
नारी सशक्तिकरण के लिये संसद की बैठक होगी ऐतिहासिक: सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आगामी 16 अप्रैल को संसद में ऐतिहासिक बैठक होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद में महिला आरक्षण से जुड़े विषय पर विधेयक पारित करवाने के लिये विशेष सत्र का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में देश की जनता के समग्र कल्याण और चहुँमुखी विकास के लिये अभूतपूर्व कार्य किये गये हैं। प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा देश की आधी आबादी के सशक्तिकरण के लिये दृढ़संकल्पित होकर नारीशक्ति वंदन अधिनियम को पारित करवाने के लिये संकल्पबद्ध होकर कार्य करना नारी सशक्तिकरण के लिये उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देशवासियों के लिये सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी सभी के कल्याण के लिये दूरदृष्टि के साथ कार्य कर रहे हैं।




