यमुना में मोटर बोट बन गई काल, 10 लोगों की मौत, 12 घायल और पांच लापता

0

मथुरा (मध्य स्वर्णिम): मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में शुक्रवार दोपहर को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरा एक मोटर बोट अचानक पलट गया। जानकारी के मुताबिक मोटर बोट में करीब 25 से 30 लोग सवार थे, जो श्रृंगार घाट से नाव में बैठे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शी भूप सिंह, जो पुल पर संविदा कर्मचारी ने बताया कि मोटर वोट अचानक असंतुलित हो गई, जिससे उसमें सवार श्रद्धालु नदी में डूब गए। अब तक 10 से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। डीआईजी शैलेश पांडेय, जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह, एसपी सिटी राजीव कुमार और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस गोताखोरों की मदद से लगातार सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

ओंकारेश्वर में नाव पलटने से 10 श्रद्धालु डूबे, रेस्क्यू कर सभी को निकाला:
मध्य प्रदेश के खंडवा जिला स्थित प्रसिद्ध तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में शुक्रवार को नर्मदा नदी में नाव पलटने से झारखंड के रहने वाले 10 श्रद्धालु डूब गए, जिन्हें रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर है। जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खंडवा के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने ने बताया कि झारखंड के रांची से करीब 52 लोगों का जत्था शुक्रवार को ओंकारेश्वर आया हुआ था। दोपहर करीब 12 बजे अलग-अलग नाव से सभी लोग नर्मदा नदी में नौका विहार कर रहे थे।

सीएम योगी ने जताया दुख:
हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दु:खद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।