बंगाल में भाजपा की सरकार बनना तय: शाह, खडग़पुर में हुआ भाजपा का रोड शो

0

कोलकाता (मध्य स्वर्णिम): पश्चिम बंगाल के देबरा में भाजपा की चुनावी रैली को संबोधित करते समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ताओं में भी जोश भरा। उन्होंने कहा, हम सब बंगाल में चुनाव के लिए इकट्ठा हुए हैं। आप लोगों को 23 अप्रैल को मतदान करना है और आप लोगों को कमल के निशान का बटन दबाना है। पश्चिम मेदिनीपुर में आयोजित इस जनसभा में अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल को भी घेरा। शाह ने कहा, 15 साल तक मां, माटी और मानुष का नारा लेकर ममता बनर्जी ने यहां राज किया। शाह ने सीएम ममता को आड़े हाथ लिया और कहा, उन्होंने हमारे युवाओं को बेरोजगार किया, लाठियां भांजी, बहनों पर अत्याचार किया, किसानों को परेशान किया और अब वो अपनी कटमनी और सिंडिकेट से पूरे बंगाल को परेशान कर रही हैं। अब आपको इस कटमनी और सिंडिकेट से मुक्ति पानी है, घुसपैठिया मुक्त बंगाल बनाना है। भाजपा चाहती है कि बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त कर दें, लेकिन ममता बनर्जी इन्हें संभालकर रखना चाहती हैं। ममता दीदी, जितना जोर लगाना है, लगा दो, हम एक एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बंगाल से बाहर निकालेंगे। शाह ने आरोप लगाया कि राज्य में घुसपैठिये युवाओं की नौकरियां छीन रहे हैं और गरीबों का हक खा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार इन घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। शाह ने चेतावनी दी कि चुनाव के बाद भाजपा सरकार बनते ही एक-एक घुसपैठिये को बाहर किया जाएगा। अमित शाह ने अपने भाषण में बार-बार घुसपैठ का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि घुसपैठिये न सिर्फ रोजगार छीन रहे हैं बल्कि राज्य में गुंडागर्दी भी फैला रहे हैं। शाह ने ममता सरकार पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर इस समस्या को खत्म नहीं करना चाहती।