गांव-बस्ती चलो अभियान बूथ को मजबूत बनाने का माध्यम: हेमंत खण्डेलवाल

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गुरुवार को निवाड़ी जिले के ओरछा व टीकमगढ़ में जिला बैठक एवं जनप्रतिनिधि बैठक, छोटी टोली बैठक और निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर विधानसभा के ग्राम बिन्दुपुरा एवं टीकमगढ़ जिले की जतारा विधानसभा की ग्राम पंचायत बमौरीखास में ‘गांव-बस्ती चलो’ अभियान को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचारधारा आधारित दल है। कांग्रेस सहित देश के बाकी राजनीतिक दल व्यक्ति या परिवार आधारित राजनीति करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दूरदर्शी नीतियों और उल्लेखनीय कार्यों से विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता बने हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के साथ देश के विभिन्न राज्यों की भाजपा और सहयोगी दलों की सरकारें सभी समाज वर्गों के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही हैं। बुंदेलखंड भाजपा संगठन और सरकार के दिल में बसता है। गांव- बस्ती चलो अभियान बूथ को मजबूत बनाने का माध्यम है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी नीतियों और कार्यों से देश की जनता की जिंदगी संवारने का कार्य किया है। भाजपा सरकारें बहुत अच्छा कार्य कर रही हैं, इन सभी अच्छे कार्यों को जनता तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं का दायित्व है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा अनेकों योजनाएं चलाकर हर समाज वर्ग के कल्याण का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने पीएम आवास योजना के तहत हर गरीब को पक्के आवास देने के साथ पीएम सड़क योजना के तहत गांव- गांव तक सड़कों का जाल बिछाया। उज्ज्वला योजना के तहत देशभर के करोड़ों उपभोक्ताओं को गैस के कनेक्शन उपलब्ध कराने के साथ आयुष्मान योजना के तहत गरीबों को पांच लाख रूपए तक का निःशुल्क इलाज कराने प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश की सवा करोड़ लाडली बहनों को प्रति माह 1500 रूपए प्रदान किए जा रहे हैं, जो महिलाओं को सम्मान दिलाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रहा है। लाडली लख्मी योजना में 50 लाख के करीब बेटियों को लखपति बनाया गया है।

भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डैलवाल ने कहा कि भाजपा की विचारधारा सभी को साथ लेकर चलने की है। जनसंघ के गठन से लेकर आज तक हमारी पार्टी की विचारधारा नहीं बदली और भाजपा ने अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। यही कारण है कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और परिश्रम से विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से अग्रसर है। यह हमारे संगठनात्मक शक्ति के कारण ही संभव हो सका है। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को विचारधारा के साथ पार्टी की रीति-नीति बताने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण वर्ग भी चलाती रहती है। अभी भी प्रशिक्षण वर्ग चल रहे हैं। हम सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोडऩे का कार्य करना है। प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी योग्यता और पार्टी की आवश्यकता के अनुसार जिम्मेदारी दी जाती है। सभी को एक परिवार की तरह काम करना चाहिए। यदि दूसरे की कोई गलती हो तो उसे माफ करें, लेकिन अपनी गलती को जीवनभर याद रखें, ताकि फिर से वही गलती कभी न हो। हम राजनीति में सत्ता के लिए नहीं, बल्कि एक मजबूत विचारधारा और कार्यपद्धति के लिए आए हैं, जिससे देश सही दिशा में आगे बढ़ सके। हर बूथ को मजबूत करते हुए हम सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास करें।